रांची में दो युवकों का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। घटना नगड़ी थाना क्षेत्र के टन टन टोली रिंग रोड के पास की है। दोनों युवकों की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। मृतकों की पहचान मांडर थाना क्षेत्र के सूरशाह और मसमानों गांव के रहने वाले आरिफ और नान्हू के रूप में हुई है।
इनमें से एक के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं है। वहीं उसके हाथ पर गंभीर चोट के निशान हैं। यहां ओवर ब्रिज के निकट रिंग रोड में दो युवकों का शव देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धुर्वा व नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
दोनों थाना प्रभारियों के पहुंचने के बाद जांच करने के बाद पता चला कि नगड़ी थाना क्षेत्र का मामला है। नगड़ी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
पुलिस ने कहा- मामले की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि इन्हें पहले लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटा गया है। इसके बाद गला दबाकर इनकी हत्या की गई है। हत्या कर शव यहां फेक दिया गया है। नगड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की तफ्तीश जारी है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
