राजधानी के कांके स्थित बोड़िया में शनिवार को हुए गोलीकांड में एक युवक की मौत हो गयी थी. इस बारे में पुलिस ने बताया है कि बहनोई छोटू सिंह की लाइसेंसी बंदूक से चली गोली लगने से उसके ही साले अभिषेक सिंह की मौत हो गई. वहीं पुलिस ने हत्या के आरोपी बहनोई छोटू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला
मुख्यालय 1 डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि मृतक अभिषेक सिंह के बहनोई छोटू सिंह का मोहल्ले के ही तिवारी नाम के व्यक्ति के साथ विवाद हुआ. विवाद का कारण घर के आगे लगा छड़ लदा ट्रक था .
छोटू सिंह ने ट्रक हटाने के लिए कहा तो दूसरे पक्ष के लोगों से गाली-गलौज होने लगी. हालांकि ट्रक दोनों में से किसी का नहीं था. देखते-देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई.
तिवारी के पक्ष के लोगों ने लाठी निकाली तो छोटू सिंह की ओर से उसका साला अभिषेक रायफल निकाल कर ले आया. उसके हाथ से रायफल लेकर छोटू सिंह फायरिंग करने लगा. लगभग आधा दर्जन राउंड फायरिंग हुई. इसी बीच एक गोली छोटू सिंह के साले अभिषेक सिंह को ही लग गई.छोटू सिंह ने जब देखा की गोली उसके साले को लग गई है तो वहां से फरार हो गया.पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया है.

