रिम्स से 19 सितंबर की सुबह फरार कुख्यात अपराधी कृष्ण मोहन झा को रांची पुलिस की टीम में किया गिरफ्तार कर लिया है। कृष्ण मोहन झा उर्फ अभय, उर्फ धनंजय उर्फ काली झा की गिरफ्तारी उसके बिहार के मुजफ्परपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के बथना परिया गांव स्थित पैतृक आवास से हुई है। बरियातू थाना क्षेत्र के रिम्स स्थित मेडिसिन वार्ड में इलाजरत नक्सली कृष्ण मोहन झा को उसके दोस्त ने ही प्लानिंग के तहत अपने साथ भगा ले गया था। पुलिस ने फरार अपराधी कृष्ण मोहन झा के साथ उसके दोस्त मुकेश कुमार को भी गिरफ्तार किया है। कृष्णमोहन झा उम्र कैद का सजायाफ्ता है।
गिरफ्तार सजायाफ्ता अपराधी ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया है कि रिम्स में अच्छा इलाज नहीं होने की वजह से उसके दोस्त मुकेश ने अपने साथ भगा ले जाने का प्लान तैयार किया था। पुलिस देर शाम तक सजायाफ्ता कैदी और उसके दोस्त को लेकर रांची पहुंचेगी। मालूम हो कि 19 सितंबर की अहले सुबह मुकेश अपने दोस्त कृष्ण मोहन झा को रिम्स से अपने साथ भगा ले गया था। इलाजरत अपराधी के भागने की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था।
ज्ञात हो कि अपहरण व हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहा कुख्यात अपराधी कृष्ण मोहन झा रविवार 19 सितंबर की सुबह करीब तीन बजे रिम्स से फरार हो गया। वह रिम्स के मेडिसिन वार्ड में डॉ सीबी शर्मा की देखरेख में इलाजरत था। पिछले 27 दिनों से उसका इलाज रिम्स में चल रहा था। वह लीवर संक्रमण से पीड़ित है। उसने मुख्यमंत्री, मुख्य न्यायाधीश को आवेदन लिख कर जान बचाने की गुहार लगायी थी और लोगों से आर्थिक मदद भी मांगी थी।

