रांची: रांची उपायुक्त छवि रंजन की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय कोविड-19 टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उन्होंने कोरोना टीकाकरण की प्रखंडवार समीक्षा की। इस दौरान रांची डीसी ने कहा कि यह प्रयास करें कि जिला में जितना टीका उपलब्ध है, लोगों को दें। उन्होंने टीका की उपलब्धता होने पर निजी कंपनियों और बैंक कार्यालय आदि में टीकाकरण की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि पाॅजिटिव मरीजों का इलाज अस्पताल में ही सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि सभी इंसिडेंट कमांडर ये सुनिश्चित करें कि कोई कोविड मरीज घर पर इलाजरत न हो, सभी इंस्टीच्यूशनल आइसोलेशन में रहें। इसके अलावा उन्होंने जिले में कोविड-19 टीकाकारण और कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के कार्यों की समीक्षा की और संबंधित कोषांग के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। वर्चुअल मीटिंग में सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, एमओआईसी, पीएमयू सदस्य एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी जुडे़ थे।
निजी लैब संचालकों के साथ बैठक करने का निर्देश
कोषांग के नोडल पदाधिकारी से अब तक किये गये जांच, पोर्टल पर की गयी इंट्री और बैकलाॅग का रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निदेश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची को उपायुक्त ने सभी निजी लैब का निरीक्षण और संचालकों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि निजी लैब का निरीक्षण कर जांच करें कि कोविड टेस्ट कराने वालों का नाम, पता एवं अन्य आवश्यक जानकारी सही तरीके से लिये जा रहे हैं या नहीं ताकि उन्हें टेस्ट करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक के दौरान जिले के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में पीएसए प्लांट अधिष्ठापित किए जाने की समीक्षा भी उपायुक्त द्वारा की गई। उप विकास आयुक्त रांची विशाल सागर ने इससे संबंधित की गयी तैयारियों से उपायुक्त को अवगत कराया। एलएमओ टैंक और पीएसए प्लांट के संचालन को लेकर उपायुक्त ने यथाशीघ्र तैयारी पूर्ण करने का निदेश दिया।

