रांची में एक छात्रा ने अपने ही शिक्षक पर रेप का आरोप लगाया है। मामला पंडरा थाना क्षेत्र का है। यहां छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसे ट्यूशन पढ़ाने वाला शिक्षक 5 महीने से दुष्कर्म कर रहा था। पहले पेस्ट्री में नशीला पदार्थ खिलाकर रेप किया और अश्लील तस्वीरें अपने पास रख ली। बाद में उसी का डर दिखा कर वह बार-बार शोषण करता रहा।
छात्रा की शिकायत के बाद आरोपी शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उसकी गिरफ्तारी के विरोध में दर्जनों लोग थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे। पुलिस के समझाने के बाद सभी वापस लौटे।
दर्ज शिकायत में छात्रा ने बताया है- ‘आरोपी शिक्षक कोचिंग संस्थान चलाता है। मैं वहीं प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करती थी। कोविड के कारण संस्थान बंद होने के बाद 31 मई को उसने संस्थान में बुलवाया और कहा कि वह खुद उसे तैयारी कराएगा। उसकी बात पर मैं संस्थान में चली गई। पढ़ाने के दौरान उसने एक दिन पेस्ट्री खिलाई, जिसके बाद मैं बेहोश गई। बेहोशी की हालत में उसने दुष्कर्म किया। साथ ही कुछ अश्लील तस्वीरें भी निकाल ली। जब मैंने विरोध किया तो वह शादी करने का झांसा देने लगा। इसके बाद लगातार शारीरिक संबध बनाने लगा।’
आरोपी के पिता ने SSP से की शिकायत
वहीं, आरोपी चंदन के पिता चंद्रदेव ने भी SSP के समक्ष अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा है- ‘छात्रा साजिशन मेरे बेटे को फंसा रही है। वह उससे दो लाख रुपए मांग रही थी। नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसा रही है।’ उन्होंने SSP से मामले की जांच की मांग की है।

