रांची: चिकनी सड़क और तेज रफ्तार. रांची जिले के नामकुम में एसयूवी कार आज अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर के बाद कार तीन बार पलटते हुए लगभग 50 फीट दूर सड़क पर रुकी. कार में सवार तीन लोगों को चोट आई है, जिसमें एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है. टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए. कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

ये घटना रांची के रिंग रोड के लालखटंगा जैव विविधता पार्क के समीप की है. स्थानीय लोगों के अनुसार कीया सोनेट कार(जेएच 01ईएच 6149) रामपुर से तुपुदाना की ओर जा रही थी. कार काफी तेज़ रफ़्तार में होने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. कार सवार खेलगांव ओपी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. ओपी प्रभारी बैजनाथ कुमार ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. घायल खेलगांव ओपी क्षेत्र के रहने वाले हैं. उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है. दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है.

