रांची: झारखंड के लोगों को तीन दिनों बाद गर्मी से पूरी तरह राहत मिल जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार 15 जून से झारखंड में मानसून दस्तक देने की संभावना जतायी जा रही है। इस दिन से बारिश शुरू होने वाली है। गर्मी से परेशान हर कोई लंबे समय से इसकी प्रतीक्षा कर रहा है, लेकिन अब मौसम विभाग ने स्पष्ट रूप से कह दिया है कि झारखंड के रांची समेत सभी जिलों में 15 जून से मानसून की बारिश होने लगेगी। मानसून को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने पूवार्नुमान जारी किया है। इस पूवार्नुमान में बताया गया है कि हीट वेव का असर अब खत्म होने वाला है। लोगों को इससे राहत मिलने वाली है। झारखंड के उत्तर पूर्वी जिलों के अलावा मध्य हिस्से अर्थात रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो और खूंटी जिले में आंशिक बादल छाए रहने से दोपहर बाद राहत मिलने की संभावना है। तीन दिनों तक बादलों की यह अठखेलियां देखने को मिल सकती है। अब 15 जून को मानसून के आगमन के साथ ही आसमान में बादल डेरा जमा लेंगे। इन बादल से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची की मानें तो झारखंड के आधे हिस्सों में प्री-मानसून का असर दिखने लगा है। यह मानसून आने का स्पष्ट संकेत है। वहीं, झारखंड के पश्चिमी हिस्से में अभी लू का असर बना हुआ है। लेकिन यह चंद दिनों का ही मेहमान है। शीघ्र ही इन इलाकों में भी प्री-मानसून का असर नजर आ सकता है। 15 जून के चंद रोज बाद ही पूरे झारखंड में मानसून सक्रिय हो जाएगा।

