हैदराबाद के सायबराबाद साइबर क्राइम थाना पुलिस और दिल्ली पुलिस की टीम ने बुधवार को झारखंड के रामगढ़ में छापेमारी कर आठ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने रामगढ़ थाना पुलिस के सहयोग से शहर के सुभाष चौक स्थित होटल ब्लू डायमंड में छापेमारी की, जहां से एकसाथ आठ साइबर अपराधी दबोचे गए।
अपराधियों को हैदराबाद लेकर गई पुलिस टीम
गिरफ्तार किए गए सभी साइबर अपराधियों को पुलिस टीम हैदराबाद लेकर चली गई है। आरोपित साइबर अपराधियों पर दिल्ली, हैदराबाद, बनारस, कानपुर और पटना में कई साइबर ठगी करने का आरोप है। इन शहरों में ठगी करने के बाद सभी झारखंड के रामगढ़ पहुंचे थे।
होटल से कई उपकरण व मोबाइल भी बरामद
स्थानीय पुलिस के अनुसार, मोबाइल ट्रैकिंग कर टीम ने रामगढ़ में छापेमारी की। पुलिस ने इन साइबर अपराधियों के पास से ठगी में प्रयुक्त होने वाले मोबाइल, लैपटॉप, दर्जनों मोबाइल सिमकार्ड सहित कई तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बरामद किया है।
पटना, दिल्ली, गाजियाबाद के रहने वाले हैं अपराधी
बताया गया कि ये साइबर अपराधी पिछले कई दिनों से रामगढ़ के होटल ब्लू डायमंड में ठहरे हुए थे। होटल के कमरे में बैठकर कई राज्यों के लोगों से ठगी कर रहे थे। गिरफ्तार अपराधी पटना, दिल्ली और गाजियाबाद के रहने वाले हैं। रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित कुमार ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सायबराबाद के इंस्पेक्टर श्रीनिवास के नेतृत्व में छापेमारी की गई है। गिरफ्तार साइबर अपराधियों में विनय कुमार, हिमांशु पाल, जुनेद, राजेश कुमार, संदीप कुमार, अनुज, विजय, दीपक शामिल हैं।

