झारखंड में रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के उरलूंग में बुधवार की देर शाम दिल दहला देनेवाली घटना घटी है। पानी भरे एक छोटे से गड्डे में डूबकर तीन बच्चों की मौत हो गई है। इसमें एक बच्चा और दो बच्चियां शामिल हैं। जानकारी के अनुसार उरलूंग निवासी अश्विनी उरांव की दोनों बच्चे पुत्री शैली लकड़ा (9 वर्ष), सुजल उरांव (6 वर्ष) और स्थानीय बालेश्वर उरांव की नतिनी कृति कुमारी (8 वर्ष) पिता स्व.कालीचरण बुधवार की शाम लगभग तीन बजे घर से बाहर खेलने गया था। काफी देर बाद बच्चे वापस नहीं लौटे तो स्वजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान रेलवे लाईन के समीप एक छोटे लेकिन गहरे गड्डे के बाहर बच्चों का चप्पल और कपड़ा मिला।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
खोजबीन के दौरान तीनों बच्चों का शव बरामद हो गया। मामले की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी जानकारी ली। घटना के बाद उरलूंग गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कृति कुमारी का शव पैतृक निवास पिपरवार ले जाया गया है।

