रामगढ़: हेसालौंग उरांव टोला निवासी रूना उरांव के 27 वर्षीय पुत्र पारस टोप्पो का संदेहास्पद अवस्था में शव सोमवार की अहले सुबह उसके घर के पीछे पूरब की ओर स्थित एक शीशम पेड़ में लटका मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर लोग जमा हो गए। बाद में ग्रामीणों ने गिद्दी थाना पुलिस को पेड़ पर युवक का लटका हुआ शव मिलने की जानकारी दी। गिद्दी थाना के सब-इंस्पेक्टर अरविंद कुमार व सहायक अवर निरीक्षक सपन राय की मौजूदगी में शव को पेड़ से उतारा गया।
युवक काले रंग का हाफ पेंट व हरा रंग का फुल शर्ट पहने हुए था। गिद्दी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमोर्टम के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दो-तीन दिन पहले पारस का दो-तीन युवकों से किसी बात को लेकर नोंक-झोक हुआ था। रविवार की देर शाम तक पारस के घर नहीं आने पर परिवार वालों ने उसकी खोजबीन करने लगे। देर रात तक जब उसका कुछ पता नहीं चला था। तब परिवार वाले गिद्दी थाना पुलिस को इसकी सूचना देने जाना चाहा तो पड़ोस के ही किसी ने पारस के गांव में होने की बात कह सूचना नहीं देने को कहा। इसके बाद सभी वापस घर आ गए थे।

