झारखंड के रामगढ़ में सोमवार की सुबह भीषण हादसा हुआ। नेशनल हाइवे फोरलेन पर चुटूपालू घाटी में सुबह करीब चार बजे बिहार के सिवान से रांची जा रही श्री ट्रेवल्स नामक यात्री बस को एक कंटेनर वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें बस व कंटेनर मौके पर पलट गए। हादसे में बस पर सवार दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना में 8 यात्रियों को गंभीर चोट आई है।
दुर्घटना के बाद घायल यात्रियों के बीच कोहराम बच गया। घटना की सूचना पाकर घाटी गश्ती में तैनात रामगढ़ थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया। घायल यात्रियों को बस से सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल 8 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए RIMS रांची रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद चुटूपालू घाटी में करीब एक घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
पुलिस ने क्रेन के जरिए से दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर व बस को सड़क से हटाकर आवागमन को सामान्य कराया। बताया जा रहा है कि रांची की ओर से आ रहे कंटेनर वाहन की गति काफी तेज थी। वह गलत दिशा में था। बस अपने दिशा से होकर रांची जा रही थी। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक व खलासी मौके पर वहां से भाग गए। पुलिस ने कंटेनर वाहन को जब्त कर लिया है।
बस पर सवार घायलों में से परशुराम सिंह(43) रांची, राजेश पांडेय (36) बिहारशरीफ, शरद प्रकाश (41) सिवान(बिहार), मोनू कुमार (14) यूपी, कमलेश कुमार गिरी (35) भागलपुर, प्रमोद कुमार (48) नालंदा, मालती देवी पति रामजी सिंह (48) रांची तथा जितेंद्र सिंह 41 पटना निवासी को बेहतर इलाज के लिए RIMS, रांची भेजा गया। रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित कुमार महतो ने बताया कि बस पर सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोट आई है। सभी घायलों को दूसरे बस पर बैठाकर उनके गंतव्य स्थान के लिए भेज दिया गया है।

