लोहरदगा-रांची मुख्य मार्ग में शहरी क्षेत्र के पतराटोली के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस दुर्घटना में एक ही गांव के दो छात्रों की मौत हो गई है। दोनों ही छात्र 11वीं की परीक्षा देने लोहरदगा शहरी क्षेत्र के उर्सुलाईन कॉन्वेंट बालिका उच्च विद्यालय आए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों वापस मोटरसाइकिल से अपने घर कुडू थाना क्षेत्र के सुंदुरु गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पतराटोली के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में मौके पर ही दोनों छात्रों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के सुंदरू गांव निवासी इम्तियाज़ खान के पुत्र सोहेल खान और मुमताज अंसारी के पुत्र आबिद अंसारी के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
