लोहरदगा-कुडू मुख्य पथ पर कुडू थाना क्षेत्र के टाटी गांव के समीप हथियारबंद तीन अपराधियों ने पिस्टर दिखाकर एक व्यवसायी से ढाई लाख रुपये लूट लिए।घटना शुक्रवार को सुबह करीब 7.30 बजे की बताई जा रही है। कुडू मुख्यालय निवासी स्वर्गीय घूरन साहू के पुत्र मनोज साहू अपने घर से निकलकर कर्मचारी के साथ टाटी स्थित आढ़त (धान-गेहूं समेत अन्य सामाग्रियों की खरीद-बिक्री) में आकर बैठे।
इसी बीच स्पेलेंडर मोटरसाइकिल से आए तीन अपराधी हथियार दिखाकर मनोज साहू से 2,50,000 रुपये लूट कर फरार हो गए। चलने से लाचार व्यवसायी मनोज साहू की आवाज सुनकर रास्ते गुजर रहे राहगीरों के माध्यम से लूट की घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई। इसके बाद लूट की घटना की सूचना कुडू थाना पुलिस को दी गई।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद कुडू थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर वारदात की जानकारी ली और छापेमारी के साथ मोटरसाइकिल जांच अभियान चला रही है। साथ ही लूट की सूचना अगल-बगल के थाना पुलिस को देते हुए सहयोग की मांग की है। इधर कुडू थाना पुलिस लोहरदगा-कुडू मार्ग में लगे CCTV फूटेज भी खंगाल रही है।

