धनबाद: चिरकुंडा थाना क्षेत्र का कुख्यात अपराधी आनंद वर्द्धन उर्फ मिंटू कश्यप की मौत हो गई है। रविवार सुबह धनबाद जेल के अंदर उसकी मौत हो गई। 28 जून, 2021 को धनबाद पोस्ट आॅफिस के पास से उसे गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद वह विनोद झा हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में जेल के अंदर था। रविवार सुबह मिंटू ने सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द की शिकायत की। इसके बाद उसे शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल धनबाद में ले जाया गया।
चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जेल अधीक्षक अजय कुमार के मुताबिक सुबह-सुबह मिंटू कश्यप की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसके सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। अस्पताल के चिकित्सक प्रारंभिक जांच के बाद उसे एसएनएमसीएच रेफर कर दिया। सुबह 6 बजे के करीब जेल प्रशासन के लोग उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका है कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हुई। मिंटू कश्यप जेल में आने के बाद कारंटाइंड वार्ड में था। प्रशासन के निर्देश पर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल टीम गठित की गई है।

