चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के चांडिल बाजार में एक ट्रेलर की चपेट में आकर 40 वर्षीय सालंती टुडू और उसके 17 वर्षीय बेटे सुनील टुडू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वे थाना क्षेत्र के रसुनिया पंचायत के हाथीनादा गांव के रहने वाले थे. बताया जाता है कि सालंती बाजार से कपड़े खरीदकर बेटे के साथ अपने एक रिश्तेदार के घर जा रही थी. उसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रेलर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया.
इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. इससे पहले कि ट्रेलर चालक भागने में सफल रहता, स्थानीय लोगों ने उसे धर-दबोचा. इस बीच घटना की सूचना मिलने के बाद चांडिल थाना प्रभारी शम्भू शरण दास मौके पर दल-बल के साथ पहुंच गये थे. पुलिस ने ट्रेलर जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजवाया. इस दौरान करीब आधा घंटे तक सड़क जाम रहा.
ट्रेलर जमशेदपुर का बताया जा रहा है, जो दुर्घटना के वक्त पुरुलिया की ओर जा रहा था. दूसरी ओर इस घटना के बाद हाथीनादा गांव में मातम पसर गया. दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी अष्टमी रविदास ने मृतका के आश्रितों के लिए पुलिस प्रशासन से मुआवजे की मांग की.

