कोडरमा: जिले में रोजगार सेवकों के सामूहिक इस्तीफा से मनरेगा की हजारों योजनाएं प्रभावित हो गई हैं। रोजगार सेवकों ने कार्रवाई को गलत बताकर सामूहिक इस्तीफा उपायुक्त व उपविकास आयुक्त को सौंपा है। रोजगार सेवकों का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को उपायुक्त से मिला और अपनी समस्या रखी। वहीं उपायुक्त ने कहा कि रोजगार सेवकों ने सामूहिक इस्तीफे से संबंधित आवेदन दिया है। इस पर विचार किया जा रहा है। मनरेगा में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि रोजगार सेवकों के सामूहिक इस्तीफा की स्वीकृति की अनुशंसा उपायुक्त से की गई है। साथ ही विभाग से भी नई नियुक्ति के लिए अनुमति मांगी गई है। विभाग से अनुमति के बाद नई नियुक्ति की भी प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि रोजगार सेवकों के सामूहिक इस्तीफा से मानवसृजन काफी कम हो गया है। योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। लिहाजा विभाग को पत्राचार कर यथास्थिति से अवगत कराते हुए नई नियुक्ति की अनुमति मांगी गई है।
