पथरगामा : पथरगामा प्रखंड की महेशलिट्टी पंचायत के तरडीहा गांव के त्रिभुवन वर्मा का आशियाना तबाह हो गया है। त्रिभुवन वर्मा के घर में बिजली की शार्ट सर्किट से आग लग जाने से पूरा घर जल गया। हजारों की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटना शुक्रवार की अलसुबह की है। वर्मा के कच्चे मकान में रसोई सह भंडार कक्ष में बिजली की शार्ट सर्किट से आग लगी। देखते ही देखते पूरा घर तबाह हो गया है। पूरा घर धुंआ से भर गया। घर के सदस्य त्रिभुवन वर्मा अपने पुत्री संध्या कुमारी को बस में बिठाने के लिए अल सुबह बस स्टैंड बसंतराय गए हुए थे।
घर पर उनकी पुत्री शिल्पा कुमारी एवं पत्नी समय सो रही थी। अचानक सोकर जागने के बाद जब घर में झाड़ू लगाने के लिए स्वजन उठे तो इधर-उधर आग की दुर्गंध एवं धुंआ देख उनके होश उड़ गए। शिल्पा ने अपने पिता को फोन पर इसकी जानकारी दी कि रसोई घर एवं भंडार कक्ष में आग लग चुकी है।
वहां पूरा सामान जल चुका है। आनन-फानन में त्रिभुवन अपने घर पहुंच कर आग को काबू पर मोहल्ले से मदद ली। त्रिभुवन वर्मा ने बताया कि भंडार गृह में रखा दो क्विंटल चावल एवं एक क्विटल गेहूं, 25 से 30 किलो दाल सहित अन्य खाद्य सामग्री में आलू, प्याज, तेल, मसाला, बर्तन सहित मवेशी के खाने का दो पैकेट चारा चोकर एवं गेहूं का आटा 25 किलो आदि जलकर राख हो गया। बताया कि घर की मिट्टी की दीवार पर लगे बिजली कनेक्शन के बोर्ड में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।
इधर स्थानीय लोगों ने आग लगने की जानकारी पथरगामा अंचलाधिकारी संतोष बैठा को दी। उन्होंने कहा है कि इसकी जांच कर उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। बीडीओ अमल जी ने कहा कि कच्चे मकान को पक्का मकान बनाने के लिए पीएम आवास पीड़ित परिवार को दिया जाएगा। अग्नि पीड़ित की ओर से आवेदन देने पर जांच के बाद ही आवास मुहैया कराया जाएगा।

