सिमडेगा: कोलेबिरा पुलिस ने वाहन लूट कांड के आरोप में सोमवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तीनों पर आरोप है कि 5 वाहन चालकों से इन्होंने हजारों रुपए की लूट की थी। आरोपियों में से एक पुलिस गिरफ्त से फिलहाल बाहर है।
कोलेबिरा गांगुटोली मेन रोड स्थित हरदीबेडा रुड़की नदी के पास 16 जुलाई की रात अपराधियों द्वारा तीन डंफर, एक चार पहिया, और एक मोपेड सवार से मोपेड समेत हजारों रुपए की लूटपाट की गई थी। इस संबंध में पीड़ितों द्वारा कोलेबिरा थाना में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अनूप तोपनो को जलडेगा ब्लॉक के कोलोमडेगा पहान टोली से, रेयाडन डांग को कोलेबिरा ब्लॉक के डोमटोली के बरहालेटा और रोहित कोंगाड़ी को झपला टेपराबसा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने लूटा गया 1800 रुपए, एक मोबाइल और एक पर्स बरामद किया है।

