रांची: सिटी में प्राइवेट हॉस्पिटलों की मनमानी कम होने का नाम ही नहीं ले रही है. कहीं इलाज के नाम पर तो कहीं मरीजों को डरा धमका कर पैसे वसूले जा रहे हैं. वही कुछ हॉस्पिटल में बिल के कारण शव रोकने के लिए मामले सामने आए हैं.ताजा मामला सिटी के राज हॉस्पिटल का है, जहां हॉस्पिटल के 5 लाख के बिल के लिए एक कोरोना संक्रमित का शव रोक लिया गया.
परिजन हॉस्पिटल का बिल चुकाने को तैयार थे, लेकिन इसके लिए कुछ दिन की मोहलत मांगी. लेकिन प्रबंधन को यह मंजूर नहीं था और उसने संक्रमित का शव देने से साफ इनकार कर दिया. साथ ही कहा कि बिल चुकाने के बाद ही उनका शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
इसके बाद मामले की जानकारी सीएम हेमंत सोरेन को दी गई. सीएम ने रांची डीसी को तुरंत मामले में कार्रवाई करने का आदेश दिया. परिजनों ने किसी तरह पैसे जमा कर बिल चुकाए तब उन्हें शव सौपा गया. बताते चलें कि हाई कोर्ट के आदेशनुसार बिल के लिए कोई भी हॉस्पिटल शव को नहीं रोक सकता.

