लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले के सुदूरवर्ती अति उग्रवाद प्रभावित पेशरार थाना क्षेत्र के बुलबुल जंगल और लोहरदगा-लातेहार जिले के सीमावर्ती जमुनिया पानी और नारायणपुर जंगल में एक बार फिर बुधवार को सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ की घटना हुई है। मुठभेड़ की यह घटना बुधवार दोपहर लगभग दो बजे की बताई जा रही है। इस मुठभेड़ के बाद दोबारा माओवादी से मुठभेड़ की घटना हुई। इसमें पांच लाख का इनामी बालक गंझू मारा गया है।
मोर्टार और बम से हमला
मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों की ओर से की गई फायरिंग के बाद सुरक्षा बल के जवानों ने मोर्टार और बम से हमला बोला है। सुरक्षा बलों ने माओवादियों को लक्ष्य कर फायरिंग करते हुए मुंह तोड़ जवाब दिया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब आधे घंटे तक हुई फायरिंग और धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक जंगली-पहाड़ी क्षेत्र में सुनाई दी। इस दौरान कई राउंड गोलियां चली हैं।
मारा गया माओवादी पांच लाख का इनामी बालक गंझू
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ के थोड़ी देर बाद माओवादियों से दोबारा मुठभेड़ हो गई। इस दौरान सुरक्षा बलों ने एक माओवादी को मार गिराया। छानबीन के बाद पता चला कि मारा गया माओवादी पांच लाख रुपये का इनामी बालक गंझू है। पुलिस उसके बारे में अभी और विवरण नहीं दे सकी है। जिस जंगल में मुठभेड़ की घटना हुई है वह बेहद घना, दुरूह और सुदूर है। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने जंगल को घेर रखा है।

