Jamshedpur : शहर में कोरोना के साथ-साथ अन्य संक्रामक बीमारियां भी बढ़ने लगी हैं. अब स्वाइन फ्लू ने भी दस्तक दे दी है. टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में स्वाइन फ्लू के छह संदिग्ध रोगी भर्ती हैं. जिला सर्विलांस विभाग ने इन सभी का नमूना लेकर जांच के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज भेजा है. ये मरीज, डिमना रोड, रेलवे ट्राफिक कालोनी, खासमहल, चांडिल, तामुलिया व कदमा भाटिया बस्ती के रहने वाले हैं. जिला सर्विलांस विभाग के अनुसार, इस मौसम में स्वाइन फ्लू के मरीज बढ़ने लगते हैं. ऐसे में लोगों को विशेष रूप से सावधान होने की जरूरत है. अगर इसके लक्षण किसी व्यक्ति में मिले तो उसे नजरअंदाज नहीं करें बल्कि चिकित्सक से दिखाएं.
डेंगू व जेई के लगातार बढ़ रहे मरीज
शहर में डेंगू व जापानी इंसेफ्लाइटिस (जेई) के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं. शुक्रवार को भी डेंगू के तीन व जेई के तीन संदिग्ध मरीज मिले हैं. तीनों कपाली के रहने वाले हैं. सभी का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा है. वहीं, डेंगू के मरीज चाकुलिया क्षेत्र के रहने वाले हैं. उन सभी का इलाज चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है. पूर्वी सिंहभूम जिले में डेंगू व जेई के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं. इससे पूर्व भी कई मरीज मिल चुके हैं. इस साल अभी तक एक दर्जन से अधिक डेंगू मरीजों की पुष्टि हो चुकी है.

