हजारीबाग के केरेडारी में पंचायत चुनाव लड़ रही दो महिला प्रत्याशियों के पतियों को जान से मारने की धमकी दी गई है। नकाबपोश अपराधी ने वीडियो कॉल कर AK-47 लहराते हुए दोनों महिलाओं के पतियों को चुनाव से हटने के लिए कहा गया है। मंगलवार की दोपहर बारह बजे से दो बजे के बीच यह धमकी दी गई। धमकी के बाद दोनों प्रत्याशियों के पतियों ने थाने में मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र चुनाव लड़ रहीं निवर्तमान जिला परिषद सदस्या अनिता सिंह के पति और इंटक जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व प्रमुख संजू देवी के पति व भाजपा नेता बालेश्वर कुमार को वीडियो कॉल कर धमकी दी गई है। अपराधी ने कहा है कि अगर इन लोगों ने चुनाव लड़ा तो गोलियों से छलनी कर देंगे। दोनों को लगभग एक ही तरीके से धमकाया गया है। दोनों को एक ही नंबर से कॉल किया गया है। दोनों से अलग-अलग लगभग 1:30 मिनट तक बात की। बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने चेहरे पर चौड़ा मास्क लगाया हुआ था।
दोनों लोगों ने केरेडारी थाना में आवेदन दिया है। थाना प्रभारी नायल गोडविन केरकेट्टा ने बताया कि दोनों के आवेदन पर अज्ञात अपराधी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बताया कि चुनाव तक दोनों की सुरक्षा का इंतजाम किया जा रहा है।
निवर्तमान जिला परिषद सदस्य अनिता सिंह के पति प्रीतम सिंह ने कहा कि सीटिंग कैंडिडेट होने के बाद भी चुनाव से बाहर हो जाने की धमकी दिया जाना साबित करता है कि किसी न किसी जिला परिषद प्रत्याशी ने यह सब करवाया है। पुलिस जांच कर रही है, सब कुछ सामने आ जाएगा। जबकि प्रत्याशी संजू देवी के पति भाजपा नेता बालेश्वर कुमार ने कहा कि जिला परिषद चुनाव से बाहर रहने की धमकी देने का मतलब स्पष्ट है कि किसी न किसी प्रत्याशी ने यह कराया है दूसरे को क्या मतलब है। मैंने इस संबंध में मामला दर्ज करा दिया है।

