हजारीबाग: हजारीबाग का हृदय स्थली माना जाने वाला झील इन दिनों जलकुंभी से पटा पड़ा है। स्थिति ऐसी हो गई है कि पानी कहीं दिखाई नहीं पड़ता। इसके कारण बोटिंग और मॉर्निंग वॉक के दौरान वहां की सुंदरता का आनंद लोग नहीं ले पा रहे हैं। इसे देखते हुए जलकुंभी की सफाई का मुहिम हजारीबाग पुलिस ने छेड़ा है। इसमें सीआरपीएफ की टीम भी शामिल हैं। इसी मुहिम के तहत हजारीबाग एसपी मनोज रतन चौथे के नेतृत्व में जिला पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने शिक्षक दिवस के दिन रविवार को सफाई अभियान चलाया।
लगभग 4 घंटे तक सफाई अभियान चला। एसपी खुद झील में उतरे और जवानों के साथ मिलकर जलकुंभी को झील से उखाड़ कर बाहर निकाला। साथ में सदर एसडीपीओ महेश प्रजापति भी शामिल थे। इस अभियान में लोहसिंघना थाना प्रभारी निशी कुमारी थाना की पूरी पुलिस टीम के साथ पहुंची और सभी के साथ सफाई अभियान में जुटी रहीं।
एसपी मनोज रतन चौथे ने कहा कि जलकुंभी से पटे होने के कारण झील की सुंदरता पर पर्दा लगा हुआ है। शहरवासी स्वास्थ्य लाभ लेने मॉर्निंग वॉक करने के लिए इसी झील कैंपस में सुबह-शाम पहुंचते हैं। इसकी सुंदरता बनी रहे, इसको लेकर पुलिस ने इसकी सफाई अभियान चलाया है। इसी मुहिम के तहत आज से सफाई की कवायद शुरू की गई है ताकि शहर का मनोरम स्थल झील साफ सुथरा रहे।

