हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में चौपारण में डोभा में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। घटना पड़रिमा पंचायत के बनव गांव की है। युवक की पहचान गांव के ही शशिभूषण सिंह पिता तपेश्वर सिंह के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। इसके बाद स्थानीय थाने को सूचना दी गई है। शव को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं हादसे के बाद गांव में मातम है। शशिभूषण सिंह डोभा में कैसे डूबा यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरु कर दी है। युवक के कुछ दोस्तों से इस बारे में पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से इलाके में शोक की लहर है। परिवार के लोगों का रो रो कर बुरा हाल है। परिवार के लोग यह नहीं बता पा रहे कि युवक डोभा तक कैसे पहुंचा।
पुलिस सभी पहलुओं पर करेगी जांच
अब तक पुलिस की जांच में कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि युवक की मौत कैसे हुई। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इसमें दुर्घटना, आत्महत्या से लेकर हत्या तक का एंकल शामिल है। इस बारे में युवक के परिवार के लोगों से पूछताछ की जाएगी। युवक के कामकाज व गतिविधियों का ब्यौरा भी एकत्र किया जाएगा। पुलिस की ओर से इस मामले में सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
घटना के बाद पहुंचा लोगों का हुजूम
घटना की जानकारी मिलने के बाद डोभा के पास लोगों का हुजूम पहुंच गया। लोग इस बारे में अपने अपने तरीके से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोग युवक के परिवार के लोगों को सांत्वना दे रहे हैं।

