हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र के बरियठ पेट्रोल पंप के पास रांची-पटना मार्ग पर सड़क दुर्घटना में छोटकी कारीमाटी गांव निवासी परमेश्वर मेहता उर्फ बाबू (42 वर्ष) एवं उसकी पत्नी उर्मिला देवी (35 वर्ष) की मौत हो गई. दोनों पति-पत्नी अपनी मोटरसाइकिल से इचाक मोड़ के एक निजी अस्पताल में बड़ी बेटी को खाना पहुंचाने जा रहे थे. बरियठ गांव के पास सर्विस रोड से जैसे ही एनएच सड़क पर मोटरसाइकल चढ़ी, वैसे ही बरही की ओर से तेज रफ्तार से आ रही स्कार्पियो (jh02 ए एफ 3646) ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया. स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया गया है. ड्राइवर को भी हिरासत में रखा गया है. इस हादसे से सात बेटियों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है.
पहले पत्नी फिर पति ने तोड़ा दम
बताया जाता है कि सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सूचना पाकर इचाक पुलिस मौके पर पहुंची एवं एंबुलेंस के से दोनों घायल दंपती को इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रांची रेफर कर दिया. इलाज के दौरान पहले पत्नी एवं बाद में पति ने दम तोड़ दिया. घटना रविवार को करीब 12 बजे दिन घटी. घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कार्पियो चालक को पकड़कर इचाक पुलिस को सौंप दिया. प्रशिक्षु आईपीएस ऋषभ गर्ग ने बताया कि स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया गया है. ड्राइवर को भी हिरासत में रखा गया है. स्कॉर्पियो मालिक को भी सूचना देकर बुलाया गया है.

