गुमला: शहरी क्षेत्र के सीसई रोड स्थित डुमरटोली में शुक्रवार को 11 हजार वोल्ट विद्युत तार की चपेट में आने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 से अधिक मजदूर जख्मी हुए हैं। घटना शुक्रवार को हुआ। हादसे में घटनास्थल पर ही दो ने दम तोड़ दिया। जबकि शनिवार की सुबह एक और महिला मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई।
एक निर्माणाधीन घर की छत की ढलाई हो रही थी और इसी काम में लगे मजदूर हादसे का शिकार हो गए। छत से करीब 1 फीट ऊपर हाइटेंशन तार गया हुआ है और काम के दौरान मिक्चर मशीन करंट के संपर्क में आ गया। इससे मशीन को पकड़े मजदूरों को करंट का जोर का झटका लगा।
इधर, घटना के विरोध में रांची-गुमला मेन रोड को डुमरटोली के पास आक्रोशित लोगों ने एक घंटे के लिए जाम कर दिया। इसमें ज्यादातर महिलाएं शामिल हुई। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मृतकों की पहचान बगरू निवासी रोशन खड़िया, धौधरा निवासी अलका कुमारी और बिंदु देवी के रूप में की गई। जबकि घायलों में कार्तिक खड़िया, सुरेंद्र गोप, संतोष लकड़ा, मंगरी कुमारी, बलकी लकड़ा, रवि गोप, सोनी मिंज, रजनी कुमारी, सुमित कुमार शामिल है। सभी मजदूर धोधरा और आसपास के गांव के रहने वाले हैं। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की स्थिति गंभीर बनी हुई, उन्हें रिम्स रेफर किया गया है।

