जमशेदपुर: कोल्हान का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल एमजीएम अपनी दुर्दशा और अव्यवस्था को लेकर हमेशा से सुर्खियों में रहा है। वहीं बुधवार को अस्पताल फिर से एक बार सुर्खियों में आ गया। जिसका कारण इलाजरत मरीज के परिजन बेड की कमी के कारण खुद घर से फोल्डिंग बेड लेकर अस्पताल पहुंचे और जिसमें मरीज का इलाज चल रहा है। ऐसा ही नजारा बुधवार की दोपहर अस्पताल में देखने को मिला। मरीज को जब अस्पताल में बेड की सुविधा नहीं दी गई तो उसके परिजन घर से फोल्डिंग लेकर पहुंचे और जिसमें मरीज का इलाज करवा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह मानगो नित्यानंद कॉलोनी निवासी सोयता वर्मा की तबियत अचानक खराब हो गई। जिसके बाद पिता संजय वर्मा उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां बताया गया कि अस्पताल की इमरजेंसी विभाग में बेड की कमी है। जिसके बाद फर्नीचर की दुकान में काम करने वाले पिता संजय अपने घर गए और वहां से फोल्डिंग लेकर अस्पताल पहुंचे। जिसमें बेटी सोयता का इलाज चल रहा है। उसे पेट दर्द होने के साथ-साथ उल्टी हो रही थी। इस संबंध में हमने अस्पताल अधीक्षक डॉ अरुण कुमार से संपर्क करने की कोशिश की। मगर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

