रांची: अग्निपथ भर्ती योजना का विरोध झारखंड में शुरू हो गया है। केंद्र सरकार और इंडियन आर्मी द्वारा अग्निपथ भर्ती योजना को लेकर सफाई दिये जाने के बावजूद गुरुवार को राजधानी रांची के मेन रोड में सेना भर्ती कार्यालय के बाहर सैकड़ों युवाओं द्वारा प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनकारी युवा सेना में 4 साल के इस भर्ती प्रणाली को तुरंत बंद करने की मांग कर रहे है। उन्होंने इस योजनाओं के युवाओं की जिन्दगी से खिलवाड़ करार दिया है। प्रदर्शनारी युवाओं ने काफी देर तक सेना भर्ती कार्यालय के सामने नारेबाजी की और सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। बाद में काफी मशक्कत से युवाओं को समझा कर सड़क जाम हटाया जा सके। वहीं प्रदर्शन के कारण मेन रोड पर सड़क जाम कर स्थिति बन गयी। झारखंड के कई जिलों से अभ्यर्थी प्रदर्शन के लिए रांची पहुंचे थे। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा कर शांत कराया और सड़क जाम को हटाया जा सका।
रांची में सेना भर्ती कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे एक युवक ने बताया कि वे लोग तीन साल से सेना में भर्ती के लिए तैयारी कर रहे थे, उन्हें इंतजार था कि कब उनका मेडिकल और डॉक्यूमेंटेशन की प्रक्रिया पूरी हो तथा सेना में भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो सके। लेकिन अचानक पूरी प्रक्रिया रद्द कर दी गयी, जबकि परीक्षा की तैयारी के लिए तीन साल तक मैदान में पसीना बहाना पड़ता है, तब तक वे दौड़ और फिटनेस में सफल हो पाते है। लेकिन अब उनका 2 साल बर्बाद हो गया। वहीं अग्निपथ योजना के लिए उम्र सीमा 17.5 साल से 21.5 साल निर्धारित किया गया है, जबकि पहले से सेना की तैयारी कर रहे कई युवाओं की उम्र 22 साल तक पहुंच गयी है, ऐसे में उनकी उम्र सीमा ही समाप्त हो जाएगी और उनका भविष्य अंधकारमय हो जाएगा।
गौरतलब है कि अग्निपथ योजना के तहत सरकार ने एक सेवानिधि की घोषणा की है। इसमें पहले साल युवाओं को 30 हजार रुपये मासिक वेतन पर रखा जाएगा। ईपीएफ-पीपीएफ की सुविधा के साथ अग्निवीर पहले साल 4.76 लाख रुपये पाएंगे, चौथे साल तक वेतन 40 हजार रुपये यानी सालाना 6.92 लाख रुपये पाएंगे। वार्षिक पैकेज के साथ कुछ भत्ते भी मिलेंगे जिसमें रिस्क एंड हार्डशिप, राशन, ड्रेस और ट्रैवल एलाउंस शामिल होंगे। सेवा के दौरान डिसेबल होने पर नॉन-सर्विस पीरियड का फुल पे और इंट्रेस्ट भी मिलेगा। ‘सेवा निधि’ को आयकर से छूट दी जाएगी। वे ग्रेच्युटी और पेंशन संबंधी लाभों के हकदार नहीं होंगे। जबकि भारतीय सशस्त्र बलों में उनकी अवधि के लिए 48 लाख रुपये का गैर-अंशदायी जीवन बीमा कवर प्रदान किया जाएगा।

