चतरा: सिमरिया-टंडवा मुख्य मार्ग पर स्थित सिमरिया थाना क्षेत्र के धनगडा घाटी से पुलिस ने दो अपराधियों को बम के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी घाटी में किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना को अंजाम देने के उद्देश्य से जुटे थे। उनके साथ और भी अपराधी थे। लेकिन पुलिस को आती देख वे नौ-दो ग्यारह हो गए। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पांच देसी बम बरामद किया गया है। सिमरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि घनगड़ा घाटी पर कुछ संदिग्ध युवक सक्रिय हैं।
उनके पास अवैध हथियार भी हैं। संभावत: वे किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं। पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया। गठित दल मौके पर पहुंचा और दो युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। इनमें एक हरी साव का पुत्र कृष्ण कुमार तथा दूसरा भवानी गंझू का पुत्र बिफा गंझू शामिल है। जांच के क्रम में पुलिस ने उनके पास से पांच देसी बम बरामद किए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि बरामद बम को मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों टंडवा थाना क्षेत्र के धनगडा गांव के रहने वाले हैं। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।

