गिरिडीह : पाइप लाइन शिफ्टिंग को लेकर चार दिनों तक शहर में पेयजलापूर्ति बाधित रही. रविवार से पेयजलापूर्ति शुरू कर दी गयी है. मंगलवार को कुछ लोगों के द्वारा बरगंडा के पुराना पुल के पास नवनिर्मित राइजिंग पाइप लाइन को अवैध रूप से कनेक्शन लेने के प्रयास में क्षतिग्रस्त कर दिया गया. पाइप लाइन का बड़ा हिस्सा डैमेज हो गया है. जिसकी वजह से पानी की बर्बादी होने लगी.
जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन में उप नगर आयुक्त राजेश प्रजापति समेत कई अधिकारी इस दौरान बरगंदा पुराना पुल पहुंचे. जिसके बाद पानी की सप्लाई को रोक दिया गया है. अब बुधवार तक पानी की सप्लाई बंद रहेगी. अधिकारियों ने पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त करने में जिन लोगों का हाथ है उन्हें चिन्हित करने की बात कही है.

