सरायकेला-खरसावां जिले के अंतर्गत आने वाले आदित्यपुर एरिया में बुधवार की सुबह आग लग गई। हादसा फोर्ज कंपनी के परिसर में हुआ। इसके बाद कंपनी इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कंपनी की ओर से मामले की जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। यह करीब 3 घंटे तक चला।अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि हादसे में कुल कितना नुकसान हुआ है। कंपनी प्रबंधन ने परिसर में मीडिया का प्रवेश रोक दिया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि यह कंपनी इंडस्ट्रियल एरिया फेज 6 में स्थापित है। सूत्रों की माने तो घटना में कंपनी को काफी नुकसान हुआ है। घटना के कारणों के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। दावा किया जा रहा है कि जिस वक्त यह दुर्घटना हुई। उस दौरान कंपनी परिसर के अंदर कई कर्मचारी काम कर रहे थे। हादसे के बाद कई मजदूर परिसर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।
हालात के नियंत्रित होने तक मजदूरों को परिसर के अंदर ही रोक कर सुरक्षित तरीके से रखा गया है। कंपनी में काम करने वाले कुछ लोगों ने बताया कि तेल सप्लाई यूनिट में ब्लास्ट के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग नियंत्रित होने के बाद प्रबंधन की ओर से पक्ष मीडिया के समक्ष पक्ष रखते हुए कंपनी के GM एके चटर्जी ने बताया कि फोर्जिंग यूनिट के पाइपलाइन में लीकेज होने से यह घटना हुई। करीब 50 लीटर तेल में लगे आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों और कंपनी के सेफ्टी विभाग को थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने दावा किया कि कंपनी में सेफ्टी नियमों का पूरा पालन किया जाता है।

