जमशेदपुर : पोटका थाना अंतर्गत पिछली और द्वारसिनी गांव में बुधवार को सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर स्थानीय थाना के सहयोग उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर दो अवैध महुआ चुलाई शराब भट्टियों को ध्वस्त किया। जबकि परसुडीह थाना अंतर्गत बड़ा गदड़ा से छापेमारी के दौरान टीम ने एक व्यक्ति को अवैध विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार शराब विक्रेता सुरेन भूमिज बड़ा गदड़ा का ही रहने वाला है। इस दौरान टीम ने मौके से 4000 किलो जावा महुआ, 70 लीटर महुआ शराब, 9 लीटर विदेशी शराब रॉयल सेलिब्रेशन स्पेशल व्हिस्की 750 एमएल 12 पीस जिसमें फॉर सेल इन अरुणाचल प्रदेश ओनली अंकित है, को जब्त किया है। साथ ही फरार दो भट्टी संचालकों के विरुद्ध संबंधित थाने में टीम के द्वारा मामला भी दर्ज कराया गया है।

