कांड्रा स्थित नीलाचल आयरन एंड पावर लिमिटेड कंपनी में बीते बुधवार-गुरुवार की अहले सुबह करीब चार बजे चोरी की नीयत से घुसे चोरों द्वारा परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी पर हमला किया गया। इस दौरान चोरों द्वारा गोली चलाई गई जो जयनाथ पांडे नामक सुरक्षाकर्मी को लगी जिससे वह घायल हो गए। कंपनी प्रबंधन द्वारा उन्हें तत्काल इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया जहां उनकी चिकित्सा की जा रही है। सूचना मिलने के बाद कंपनी परिसर सदलबल पहुंचे कांड्रा थाना प्रभारी द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह करीब चार बजे कंपनी के गेट संख्या तीन के समीप से दीवार फांद कर चार-पांच की संख्या में चोर अंदर घुसे आए। उक्त गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी जयनाथ पांडे की नजर जब दीवार से कूदते हुए चोरों पर पड़ी तो वे चोरों को खदेड़ने लगे। इसी दौरान चोरों द्वारा उन पर गोली चला दी गई, जो जयनाथ पांडे के सीने के पास लगी और वे मूर्छित होकर वहीं गिर पड़े।
गोलीबारी से इलाके में दहशत
आसपास तैनात सुरक्षाकर्मियों ने जब उन्हें गिरते हुए देखा तो वे उस ओर दौड़ पड़े और कंपनी प्रबंधन को इसकी सूचना देते हुए तत्काल उन्हें इलाज के लिए एम्बुलेंस से टीएमएच ले जाया गया। इधर अफरा तफरी के मौके का फायदा उठाकर चोर भागने में सफल रहा। इस घटना के बाद कंपनी परिसर में सनसनी फैल गई। सुरक्षाकर्मियों द्वारा इसकी सूचना कांड्रा थाना दिए जाने के बाद कंपनी परिसर पहुंचे थाना प्रभारी द्वारा मामले की जांच की जा रही है। कंपनी में तैनात एक अन्य सुरक्षाकर्मी काली महतो ने बताया कि आए दिन कंपनी परिसर में चोरी की घटनाएं होती रहती हैं जिसकी जानकारी कंपनी प्रबंधन को भी है। उन्होंने बताया कि कंपनी परिसर में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगे होने के कारण चोर आसानी से दीवार फांद कर परिसर में प्रवेश कर जाते हैं।

