निरसा: धनबाद के निरसा थाना अंतर्गत बेनागोड़िया गोपालगंज रोड स्थित चापापुर ओसीपी के समीप जंगल के रास्ते सोमवार की देर शाम बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने इंडियन बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक रविंद्र राम से नगद 57200 रुपए, लैपटॉप, मोबाइल एवं बाइक की चाबी इत्यादि छीनकर भागने में सफल रहे। इसके बाद पैदल ही किसी तरह भुक्तभोगी ने निरसा थाना में पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची तब तक अपराधी भाग चुके थे। भुक्तभोगी की शिकायत पर निरसा पुलिस मामला दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
तीन की संख्या में थे अपराधी
ग्राहक सेवा केंद्र संचालक रविंद्र राम ने बताया कि उनका सीएचपी केंद्र जुगीतोपा में है। सोमवार को संध्या 5:00 बजे अपना सीएचपी बंद कर अपनी बाइक से बेनागोड़िया स्थित इंडियन बैंक गए। वहां से लगभग 5:45 बजे निरसा के लिए निकले। लगभग 6:20 चापापुर ओसीपी को पार कर रहे थे उसी समय जंगल में अपराधियों ने घेर लिया। जंगल के समीप पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक आए तथा मेरी बाइक को ओवरटेक कर मेरी बाइक को रोक दी। कुछ समझ पाता तब तक एक व्यक्ति ने बैग, दूसरे व्यक्ति ने पाकेट से पर्स तथा तीसरे व्यक्ति ने बाइक की चाबी छिन ली। उसके बाद वे लोग अपनी बाइक पर चढ़कर निरसा की ओर भागने में सफल रहे। किसी तरह बाइक को धक्का देते हुए निरसा के गोपालगंज स्थित नया थाना पहुंचा तथा मामले की जानकारी पुलिस को दी। उसके बाद पुलिस घटना स्थल एवं आसपास क्षेत्र का निरीक्षण किया परंतु अपराधी भागने में सफल रहे

