रांची: एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हिनू में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया गया कि युवक लोहे के रॉड से पानी गर्म कर रहा था। इसी दौरान करंट लग गया। युवक साकेत नगर स्थित अपने रिश्तेदार के घर आया था। युवक महेश राय मूलरूप से दुमका के मसलिया थाना के लाल बहियार गांव निवासी हैं। महेश कोयंबटूर अपने घर जाने के दौरान रांची में अपने रिश्तेदार के यहां रुके थे। रविवार को सुबह साढ़े नौ बजे नहाने के लिए इमर्शन रॉड से पानी गर्म कर रहा था।
इसी दौरान पानी का तापमान जांचने के लिए अंगुली पानी में डाल दिया। इस तरह उसे करंट लग गई। करंट लगने से महेश के हाथ की अंगुली गल गई। रिश्तेदारों की जब तक नजर उस पर पड़ी, उसकी जान जा चुकी थी। इसके बाद एयरपोर्ट थाना को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। रिश्तेदारों के बयान पर एयरपोर्ट थाना में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है।

