उपराजधानी दुमका में एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने युवती पर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी। इस घटना में युवती गंभीर रूप से जल गई और उसे गंभीर अवस्था में दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुमका नगर थाना क्षेत्र के जरुआडीह मोहल्ले में रहने वाली एक व्यवसायी की बेटी को पड़ोस में ही रहने वाला शाहरूख काफी समय से परेशान कर रहा था। पीड़िता के घर वालों ने बताया कि उनकी बेटी 12 वीं कक्षा की छात्रा है। शाहरूख ने कहीं से युवती का नंबर हासिल कर लिया था। तभी से वह एकतरफा प्यार में युवती पर दोस्ती करने का दबाव डाल रहा था। आरोप है कि युवती जब राजी नहीं हुई और उसे झिड़का तो शाहरुख ने आपा खो दिया और धमकी दी कि अगर उसका कहा नहीं मानेगी, तो वह उसे मार डलेगा।
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह पीड़िता घर में सोई हुई थी।इसी बीच शाहरूख उसके घर पहुंचा और खिड़की से उस पर पेट्रोल फेंक दिया और जब तक वह कुछ समझ पाती आरोपी ने माचिस जला कर उसको आग लगा दी। इधर मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती पीड़िता के परिजनों से पूछताछ की है.
दुमका एसडीपीओ नूर मुस्तफा ने बताया कि मामला एकतरफा प्यार का है और शाहरूख ने युवती जलाकर मारने का प्रयास किया है. इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार भी कर लिया है।

