खूंटी: खूंटी जिले के खूंटी-तोरपा मुख्य सड़क पर मुरहू थाना क्षेत्र अंतर्गत बिचना स्थित एसबीआइ के एटीएम में ताला काटकर चोरी का प्रयास किया गया। गैस कटर से ताला काटकर एटीएम में घुसे। इसके बाद एटीएम को काटकर रुपये निकालने की कोशिश की। एटीएम में रुपये नहीं मिले तो चोरों ने उसे आग के हवाले कर दिया। यह घटना शनिवार की रात को घटने की संभावना जताई जा रही है।
रविवार को छुट्टी रहने के कारण इसकी जानकारी नहीं मिल पाई थी। सोमवार को बैंककर्मी जब बैंक पहुंचे तो एटीएम का ताला काटा हुआ मिला। बैंक परिसर स्थित एटीएम जलकर राख हो चुका था। इसके बाद बैंक के शाखा प्रबंधक हिमांशु कुमार ने अपने वरीय अधिकारियों के साथ मुरहू थाना की पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मुरहू थाना की पुलिस खोजी कुत्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंची और तहकीकात शुरू की। बैंक परिसर स्थित एटीएम में आग लगने से बैंक का सॉफ्टवेयर भी जल गया। सॉफ्टवेयर के जलने से बैंक के सभी कार्य प्रभावित हुआ है। सोमवार को बैंक में लेनदेन भी ठप रहा। वैसे स्टैट बैंक ऑफ इंडिया के सॉफ्टवेयर इंजीनियर व्यवस्था को ठीक करने में जुटे हुए हैं।
सीसीटीवी भी ले गए चोर
स्टैट बैंक ऑफ इंडिया के बिचना शाखा प्रबंधक हिमांशु कुमार ने बताया कि चोरों ने बैंक के बाहर लगे एक सीसीटीवी कैमरा को उखाड़कर ले गए। वहीं एक अन्य कैमरे को बाल्टी से ढंक दिया था। हांलाकि सीसीटीवी का डीबीआर बैंक के अंदर सुरक्षित है। उन्होंने संभावना जताई कि चोर बैंक के चारदीवारी को फांदकर अंदर घुसे थे। एटीएम के शटर में दो ताला लगा था, जिसे गैस कटर से काटकर चोर एटीएम में प्रवेश किए होंगे। उन्होंने बताया कि बैंक के कार्यावधि तक बैंक में सुरक्षा कर्मी रहते हैं। आठ घंटे के कार्यावधि के बाद बैंक में सुरक्षाकर्मी नहीं रहते हैं। बैंक में सुरक्षाकर्मी के नहीं रहने का चोरों ने फायदा उठाने का प्रयास किया था। बैंक के एटीएम का ताला काटा सुरक्षा में चूक माना जा रहा है।

