रांची: देश के कई राज्यों में धड़ाधड़ बढ़ रहे कोरोना वायरस संक्रमण के मामले भारत में कोरोना की चौथी लहर आने के प्रबल संकेत दे रहे हैं। हालांकि, तमाम सुरक्षा एहतियात और पाबंदियां हटाए जाने के बाद भी एक्सपर्ट और केंद्र सरकार पूरे मामले पर पैनी नजर रख रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली, गुड़गांव, नोएडा, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में नए केस कई गुणा बढ़ गए हैं। ऐसे में बाकी राज्यों में भी जल्द ही कोरोना के पॉजिटिव केस बढ़ सकते हैं। लिहाजा देशभर के अस्पतालों में कोरोना की चौथी लहर से निपटने का इंतजाम शुरू कर दिया गया है। सरकारें अलर्ट मोड में आ गई हैं। स्वास्थ्य प्रबंधकों को विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
अलग-अलग रिपोर्ट्स में किए जा रहे दावे पर नजर डालें तो भारत में फिर लौट रहे कोरोना वायरस को लेकर सावधान रहने को कहा गया है। नोएडा-दिल्ली-मुंबई में बेतहाशा बढ़े केस के आधार पर अगले कुछ दिनों में संक्रमण में कई गुणा तेजी आने की बात कही गई है। इधर, 10 से 70 गुणा तक संक्रामक बताए जा रहे कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन XE वैरिएंट पर डॉक्टर्स ने सख्त चेतावनी दी है।
दुनिया के कई देशों के साथ देशभर COVID-19 देश में एक बार फिर कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के साथ ही लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। लगातार बढ़ते मामलों पर एक्सपर्ट आम लोगों की बेफिक्री और कोरोना के नए-नए वैरिएंट को जिम्मेवार ठहरा रहे हैं। इससे स्वास्थ्य एजेंसियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों पर नजर डालें तो कोरोना के 1007 नए मामले बीते 24 घंटे में सामने आए हैं। जबकि 23 कोरोना संक्रमितों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पिछले तीन महीने में पहली बार कई राज्यों में कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि महाराष्ट्र और गुजरात में XE वैरिएंट के नए मामले सामने आने के बाद नया कोई केस सामने नहीं आया है। पिछले 2 दिनों में भारत में XE वैरिएंट के नए केस नहीं मिले हैं। इस बीच कोविड-19 के नए वैरिएंट XE को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने वरिष्ठ अधिकारियों और हेल्थ एक्सपर्ट के साथ बैठक कर आगे की प्लानिंग पर गहन चर्चा की। केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों को नए मामलों पर निगरानी रखने की सलाह दी है। कोरोना संबंधी गाइड लाइन का पालन कराने और सावधानी बरतने को कहा गया है, क्योंकि कोरोना वायरस महामारी अभी खत्म नहीं हुई है।
ताजा जानकारी के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में पॉजिटिविटी रेट लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली के स्कूल में कई टीचर और स्टूडेंट कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिसके बाद से बाकी छात्रों को छुट्टी पर भेज दिया गया है। गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम में भी कोरोना संक्रमण के मामले रोज बढ़ रहे हैं। मुंबई में बीते एक माह में सबसे अधिक कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। कई बच्चे कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।

