जमशेदपुर: कदमा थाना अंतर्गत निर्मल महतो सामुदायिक भवन के पास एयरपोर्ट के पीछे शनिवार की संध्या पल्सर 200 सीसी बाइक अनियंत्रित होकर जुस्को के बिजली खंभे से टकरा गई। वहीं घटना में पल्सर बाइक पर दो छात्रों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दौरान घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ लग गई। जिसकी सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त पल्सर बाइक को भेजा कर लिया है। मृत छात्रों में सोनारी खुंटाडीह निवासी 16 वर्षीय प्रसनजीत गांगुली और कदमा रामजनम नगर का रहने वाला विशाल गोप शामिल है। दोनों ही कदमा केरला पब्लिक स्कूल के छात्र थे। घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक काफी तेज गति से लिंक रोड की तरफ से निर्मल स्टेडियम की तरफ जा रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ने से उसने बाइक को सीधे बिजली पोल पर दे मारा। जहां एक छात्र पोल से टकराकर जमीन पर गिर गया। जबकि दूसरा छात्र बाइक के साथ रगड़ाते हुए 50 मीटर तक चला गया। घटना में दोनों के सर पर गंभीर चोटें आई और जो उनकी मौत का कारण बना। वहीं घटना से दोनों छात्रों के परिवार में कोहराम मच गया। साथ ही सूचना पाकर सभी अस्पताल पहुंचे। फिलहाल दोनों के शव को अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया गया है।

