जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह के एक फ्लैट से बुधवार दोपहर 45 वर्षीय प्रवीण चंद्र सोरेन का शव बरामद किया गया. मूल रुप से पुरुलिया के रहनेवाले प्रवीण टाटानगर रेलवे में बीएमडब्ल्यू में टेक्नीशियन पद पर कार्यरत थे. वे बीते करीब 14 वर्षों कीताडीह में किराए के फ्लैट में रह रहे थे. उनका परिवार पुरुलिया में ही है.
सुबह ड्यूटी नहीं गए तो सहकर्मी हाल जानने पहुंचे घर
जानकारी के मुताबिक प्रवीण बुधवार की सुबह ड्यूटी करने नहीं गये तो उनके कुछ सहकर्मी उनका हाल जानने के लिए उनके घर पहुंचे. उन्होंने पाया कि घर का दरवाजा बंद है. सहकर्मियों ने देर तक दरवाजा खटखटाया, बावजूद इसके जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका हुई. उसके बाद प्रवीण के सहकर्मी दरवाजा तोड़ घर में घुसे तो भीतर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए. प्रवीण चंद्र अचेत अवस्था में जमीन पर गिर पड़े थे. इस बीच पास-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच चुके थे. घटना की सूचना तत्काल परसुडीह पुलिस को दी गई. घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने जब जांच किया तो पाया गया कि प्रवीण की मौत हो चुकी है. पुलिस ने घटना की सूचना प्रवीण के परिवारवालों को दे दी है. साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत के कारणों की जांच की जा रही है.

