चाईबासा : पीएम मोदी की ओर से तीनों कृषि कानून को वापस लेने की घोषणा के जाने के बाद चाईबासा कांग्रेस की ओर से किसान विजय दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है. कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यकारी जिलाध्यक्ष अंबर राय चौधरी और रंजन बोयपाई ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश भर में सड़क पर उतर कर आंदोलन किया गया गया.
अन्नदाताओं की ओर से चलाए गए आंदोलन को राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने जन आंदोलन बनाने का काम किया था. रंजन बोयपाई ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आजादी के पहले से ही किसानों के लिए आंदोलन कर उनका अधिकार दिलाने का काम किया है. आजादी के पहले चंपारण में नील खेती के किसान का मामला हो या फिर 1928 बरदोली में ब्रिटिश सरकार की ओर से किसानों के ऊपर अनावश्यक 22% टैक्स बढ़ाने का मामला.
प्रवक्ता जितेंद्र नाथ ओझा ने कहा कि किसान आंदोलन में जिन किसानों ने अपनी आहुति दी है यह जीत उनको समर्पित है. केंद्र सरकार मृतक किसानों को मुआवजा दे और आंदोलन आंदोलन में किसानों पर किए गए मुकदमा वापस ले. सांसद प्रतिनिधि त्रिशानु राय, राकेश सिंह, युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष मो. सलीम, महिप कुदादा आदि मौजूद थे.

