खूंटी: खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सोदे पंचायत सचिवालय के समीप बुधवार की अहले सुबह एक ऑटो के पलटने से एक महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक सोदे गांव के रहने वाले सहदेव सिंह की 45 वर्षीय पत्नी शोभा देवी है, जो अपने घर से भाड़े पर ऑटो लेकर सब्जी लेने रांची जा रही थी। जानकारी के अनुसार मृतका सब्जी का कारोबार करती थी। इसी क्रम में बुधवार को अहले सुबह करीब चार बजे वह भाड़े पर एक ऑटो लेकर सब्जी लाने रांची जाने के लिए घर से निकली थी।
रांची जाने के क्रम में सोदे पंचायत सचिवालय के समीप अनियंत्रित होकर ऑटो पलट गई। शोभा देवी ऑटो के नीचे दब गई। यहां दम घुटने से उसकी मृत्यु मौके पर ही हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो चालक राजू साहू को हल्की चोट लगी है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रनिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक छानबीन करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है और चालक को भी पकड़कर थाना ले गई है।
दुर्घटनाग्रस्त ऑटो पर चालक राजू साहू के अलावा शोभा देवी ही सवार थे। मृतका के पति सहदेव सिंह किसान हैं और खेतीबाड़ी का काम करते हैं। उनके दो बेटे हैं, जो फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं। दुर्घटना वाले स्थान पर सड़क अच्छी स्थिति में है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के बनने के बाद से ही दुर्घटनाएं बढ़ गई है। रनिया सोदे सड़क पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है।

