खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छापेमारी अभियान के दौरान ऑटो में भरकर अवैध रूप से डोडा ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्कर की पहचान पश्चिम सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना अंतर्गत कुदमुद गांव निवासी सिप्रियन हेमरोम के रूप में की गई है। वाहन से जब्त किए गए डोडा का वजन करीब 171 किलो ग्राम बताया जा रहा है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी नशे के सामान को बेचने के लिए लेकर जा रहा था।
इस संबंध में खूंटी के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में अफीम के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था। इसके तहत मुरहू थाना क्षेत्र में अवैध अफीम व डोडा कारोबार के विरूद्ध छापामारी की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। इस मामले में मुरहू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार के अलावा मुरहू थाना प्रभारी विक्रांत कुमार, पुअनि अर्जुन कुमार सिंह और मुरहू थाना सशस्त्र बल व सैट के जवान शामिल रहे।

