जिला मुख्यालय खूंटी स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने बुधवार को दिन-दहाड़े सेवानिवृत सरकारी कर्मी से 15 हजार रुपयों की छिनतई की गई। सेवानिवृत कर्मी दीपावली के लिए बैंक से अपनी पेंशन की राशि निकाल कर घर के लिए निकले थे। जानकारी के अनुसार खूंटी तोरपा रोड निवासी 83 वर्षीय कोदई राम ठाकुर बुधवार को बैंक ऑफ इंडिया से अपनी पेंशन की राशि निकालने गए थे। दीपावली पर घर खर्च के लिए 15 हजार रुपये निकालने के बाद वे बैंक से बाहर निकल ऑटो का इंतजार कर रहे थे। तभी एक व्यक्ति उनसे खुदरा मांगा।
उन्होंने खुदरा नहीं होने की बात कही। तब उस व्यक्ति ने बात करने के लिए उन्हें सड़क किनारे ले गया और कहा कि अभी तो बैंक से रुपये निकाले हैं, खुदरा पैसे नहीं हैं। इतना कहने के बाद उस व्यक्ति ने पॉकिट में हाथ डालकर रुपये निकाल लिए और ऑटो पकड़कर नेताजी चौक की ओर चला गया। बुजुर्ग पीड़ित कुछ समझ पाते तब तक वह रुपये लेकर फरार हो चुका था। इसके बाद पीड़ित बुजुर्ग ने इसकी सूचना पहले अपने घर पर स्वजनों को दी। स्वजन घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी खूंटी थाना की पुलिस को दी। सूचना पर खूंटी थाना की पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी लेकर अनुसंधान शुरू किया।
ठीक से काम नहीं कर रहा बैंक का सीसीटीवी
पुलिस छिनतई करने वाले का सुराग लगाने के लिए बैंक ऑफ इंडिया के सीसीटीवी फुटेज देखने गई। बैंक का सीसीटीवी कुछ देर चलने के बाद बंद हो रहा था। ऐसे में फुटेज नहीं देखा जा सका। वहीं छिनतई वाले स्थान के दूसरी ओर एक दुकान का सीसीटीवी में छिनतई की घटना कैद हुई है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

