खूंटी में सोमवार की सुबह एक नाबालिग लड़की का शव बरामद किया गया है। घटना SDO तालाब रोड स्थित श्रम अधीक्षक कार्यालय के पास का है। युवती की पहचान टंगराटोली गांव निवासी सुखराम भेंगरा की बेटी शांति भेंगरा के रूप में की गई है। उसकी उम्र करीब 16 वर्ष है। युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। दावा किया जा रहा है कि युवती सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी। परिवार का दावा है कि युवती की हत्या की गई है। जिस सड़क पर यह घटना घटी है वहां नगर पंचायत कार्यालय सहित कई पुलिस अधिकारियों के आवास हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। युवती के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती की बहन ममता कुमारी सहित कई अन्य और लोग घटना स्थल पर पहुंचे। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस से मांग की गई कि वह मामले की जांच कर जल्द से जल्द दोषियों को सजा दिलाए। पुलिस ने लड़की के परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है। इसके अलावा सड़क के आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है।
