रांची: नगर निगम ने शहर में गिफ्ट डीड की जमीन को खाली कराने का आदेश जारी कर दिया है. गिफ्ट डीड की जमीन खाली हो जाने से सड़कें चौड़ी हो जायेंगी. वहीं खाली करायी गयी जगह का इस्तेमाल रांची नगर निगम साइकिल ट्रैक और फुटपाथ बनाने में करेगा. इससे शहर में लोगों को चलने के लिए थोड़ी और जगह मिल जायेगी. नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि हमारा फोकस है कि पैदल चलनेवालों को मोटिवेट करें. जिससे लोग गाड़ियों का कम इस्तेमाल करें और पैदल ही शहर में निकलें.
वहीं सिटी का ट्रैफिक भी स्मूथ होगा. उन्होंने कहा कि गिफ्ट डीड की जमीन नगर निगम की संपत्ति है. फिर भी लोगों ने अवैध निर्माण कर कब्जा कर रखा है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि लोग इस काम में नगर निगम का सहयोग करें.
घंटे के हिसाब से लगेगा चार्ज
दिये गये समय पर गिफ्ट डीड की जमीन खाली नहीं की जाती है तो नगर निगम ने इसका खर्च भी जमीन मालिक से वसूलने का निर्णय लिया है. वहीं इसे लेकर पहले भी आदेश जारी किया गया था. अब नगर निगम अवैध निर्माण को तोड़ने का खर्च घंटे के हिसाब से वसूलेगा. बताते चलें कि रांची नगर निगम इसके लिए लगातार माइक से अनाउंसमेंट भी करा रहा है.
डीड वाली जमीन पर किये गये निर्माण को हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है. इसके बाद सभी को नोटिस जारी कर हफ्ते भर की मोहलत दी जायेगी.

