गिरिडीह: बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरपुर बेडोडीह गांव में सोमवार की देर रात एक महिला का शव कुएं से बरामद किया गया। शव देखने के बाद महिला की सास ने शोर मचाया तब जाकर लोगों को इसकी जानकारी हुई। महिला गर्भवती भी थी। वहीं, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर महिला की हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। महिला का पति साइबर अपराध के जुर्म में जेल में बंद हैं। इधर, इस घटना की जानकारी बेंगाबाद पुलिस को मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।
मृतका की पहचान सुमन सिंह की पत्नी सुशांता सिंह (19) के रूप में की गई। घटना के संबंध में मृतका के मामा राजेश सिंह ने बतया कि 15 दिसंबर 2018 को बिंदेश्वरी सिंह के पुत्र सुमन सिंह के साथ कुसतौर धनबाद के मुरारी सिंह की बेटी सुशांता सिंह की शादी हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए सुशांता को प्रताड़ित करने लगे। यहां तक कि सुशांता के साथ कई बार मारपीट भी की गई, लेकिन वह सब कुछ सहन करती रही। सोमवार की देर रात ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि सुशांता ने कुएं में कूदकर जान दे दी है। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मेरी भांजी की साजिश के तहत दहेज के लिए हत्या की गई है।
वहीं, सुशांता के ससुर बिंदेश्वरी सिंह ने कहा कि हम लोगों को पता नहीं वो कब घर से निकल गई। हम लोग जब खोजबीन करने लगे तो कुएं में उसकी लाश मिली। इधर, SI मुकेशदयाल सिंह ने कहा कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो सकेगा। मृतका के मायके वालों की ओर से आवेदन मिलते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
