गुमला: झारखंड के गुमला के जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी ने 139 राशन डीलरों से स्पष्टीकरण मांगा है. शो कॉज का जवाब नहीं देने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. डीएसओ ने कहा कि आहार पोर्टल पर प्रदर्शित मासिक खाद्यान्न वितरण की जांच करने पर जनवरी माह में 139 डीलरों द्वारा राशन का वितरण शुरू नहीं किया गया है. आपको बता दें कि इन्हें इसकी जानकारी पहले दी जा चुकी है. इसके बाद भी लापरवाही बरती गयी है.
जनवरी 2022 में मासिक साइकल सिस्टम चालू कर दिया गया है. जिसकी जानकारी सभी को छह जनवरी व विभिन्न व्हाट्सअप ग्रुप के माध्यम से कई बार दी जा चुकी है. उसके बाद भी डीलरों की लापरवाही के कारण लाभुकों को इस माह खाद्यान्न नहीं मिल पाता है, तो उनका खाद्यान्न लैप्स हो जायेगा. लाभुकों को खाद्यान्न से वंचित होने की स्थिति में सारी जवाबदेही व्यक्तिगत रूप से डीलरों की होगी. इसलिए निर्देश दिया गया है कि जनवरी 2022 का एनएफएस व पीएमजीकेएवाइ का खाद्यान्न का वितरण करते हुए दो दिनों के अंदर अपना स्पष्टीकरण स्वयं उपस्थित होकर समर्पित करें कि किन परिस्थितियों में अभी तक खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जा रहा है.

