जमशेदपुर : गोलमुरी थाना अंतर्गत गोल्फ मैदान मेन गेट के पास से दो कार पर सवार आरोपियों ने रेस्टोरेंट मालिक आकाश कुमार सिन्हा का अपहरण आर्मी मैन और विजिलेंस टीम बनकर किया। वहीं अपहरण करने के बाद आरोपी आकाश को आदित्यपुर की तरफ ले गए। साथ ही अपहरण के एवज में परिजनों से 14 लाख रुपए फिरौती मिलने के बाद सिदगोड़ा में आकाश को सुरक्षित छोड़कर आरोपी फरार हो गए। घटना भले ही फिल्मी कहानी जैसी है। जबकि पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और रंगदारी वसूलने का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले में पुलिस का कहना है कि टेल्को खड़ंगाझाड़ राधिका नगर निवासी आकाश कुमार सिन्हा टेल्को में ही अपना रेस्टोरेंट चलाते हैं। घटना के दिन 27 मई को वे डीटीओ ऑफिस गए हुए थे। जहां से लौटते समय गोल्फ मैदान के पास दोपहर लगभग 12.30 बजे उन्हें दो कार पर सवार आरोपियों ने रोका। जिसके बाद बोलेरो और डिजायर कार पर सवार होकर आर्मी की वर्दी पहने कुल 8 लोग नीचे उतरे और विजिलेंस जांच का मामला बताकर उन्हें अपने साथ कार में बैठा लिया। कार में बैठाने के बाद आरोपियों ने उनकी आंख पर काला पट्टी बांधकर आदित्यपुर लेकर चले गए। मगर आदित्यपुर में उन्हें कहां रखा गया था, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। इस बीच आरोपियों ने उनसे 60 लाख रुपए की फिरौती की मांग की और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। जिसके बाद आकाश ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से किसी तरह से उसी रात रुपए मांगे और 14 लाख रुपए की जुब्ली पार्क गेट पर डिलीवरी भी कर दी।
वहीं बतौर फिरौती नकद 14 लाख रुपए मिलने के बाद बदमाशों ने 28 मई की सुबह 8.30 बजे आकाश को सिदगोड़ा क्षेत्र में सुरक्षित ले जाकर छोड़ दिया। जिसके बाद मामला थाने तक पहुंचा। पुलिस ने घटना की जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। घटना की कहानी के हिसाब से पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही घटना की सच्चाई जानने के साथ साथ आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। जिसमें मुख्य रूप से गोलमुरी गोल्फ क्लब गेट, सिदगोड़ा, आदित्यपुर आदि जगहों पर लगाये गये सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल शामिल है। पुलिस को लग रहा है कि अगर घटना में सच्चाई है तो बदमाश जरूर पकड़े जायेंगे।

