झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा प्रस्तावित फरवरी माह में ली जाने वाली 8वीं, 10वीं बोर्ड और 12वीं की परीक्षा के साथ कक्षा एक से 7वीं, 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा की तैयारी के लिए दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में मोबाइल कक्षा संचालित की जायेगी. इसके लिए छोटे वाहनों पर LED स्क्रीन लगाकर कक्षा संचालित करने और विद्यार्थियों के परीक्षा की तैयारी कराने का निर्देश झारखंड शिक्षा परियाेजना परिषद की राज्य परियोजना निदेशक किरण कुमार पासी ने डीसी को दिया है.
एलईडी स्क्रीन पर पठनीय सामग्रियों को प्रदर्शित करने और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए शिक्षक, अभिभावक, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य और स्वयं सेवकों तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों की मदद लेने को कहा है. उन्होंने छठी से 12वीं के लिए गोड्डा ज्ञानोदय मोबाइल मॉड्यूल का उपयोग करने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही मोबाइल कक्षा में विद्यार्थियों को सभी विषयों के डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराने, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं के शिक्षकों के सहयोग से मासिक रूटीन के आधार पर ऑनलाइन कक्षा का संचालन करने की भी सलाह दी है.

